तालिबान का नया फरमान :महिला-पुरुषों के एक ही दिन अम्यूज्मेंट पार्क जाने पर रोक, संगठन के लिए भी नियम तय

तालिबान हुकूमत ने नया फरमान जारी कर महिला और पुरुषों के एक ही दिन अम्यूज्मेंट पार्क जाने पर रोक लगा दी। न्यूज एजेंसी स्पुतनिक ने बताया, नए फरमान के मुताबिक अब पुरुष बुधवार से शनिवार और महिलाएं रविवार से मंगलवार तक ही अम्यूज्मेंट पार्क जा सकेंगी।
तालिबान का महिलाओं को लेकर हमेशा से कट्टरपंथी रुख रहा है। यह फोटो अगस्त 2001 की है, जिसमें तालिबानी लड़ाका एक महिला को मार रहा है, क्योंकि महिला ने अपना बुर्का उतार दिया था।
एजुकेशन में भी तालिबान का अड़ंगा
अगस्त 2021 में अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद तालिबान ने महिलाओं की शिक्षा और आजादी को लेकर कई वादे किए थे। इसके बाद अनुमान लगाया गया था कि तालिबान अपनी पिछली हुकूमत के उलट इस बार महिला अधिकारों के प्रति नरम रवैया रखेगा। हालांकि अब तक ऐसा कुछ नजर नहीं आया है।
यहां पिछले हफ्ते बुधवार को पहली बार लड़कियों के स्कूल खोले गए थे, लेकिन चंद घंटे बाद ही तालिबान ने स्कूल को फिर बंद करने के आदेश जारी कर दिए। तब तालिबान प्रवक्ता इनामुल्ला समागनी ने कहा- आदेश के बाद छात्रों में भ्रम पैदा हो गया था। हम ये मानते हैं कि इस कदम से लड़कियों की शिक्षा को लेकर सवाल जरूर पैदा होंगे।