गोरखनाथ मंदिर में PAC जवानों पर हमले की जांच ATS के जिम्मे, केमिकल इंजीनियर मुर्तजा धारदार हथियार लेकर घुसा था

गोरखनाथ मंदिर में PAC जवानों पर हमले की जांच ATS के जिम्मे, केमिकल इंजीनियर मुर्तजा धारदार हथियार लेकर घुसा था

जिस गोरखनाथ पीठ के पीठाधीश्वर सीएम योगी हैं, उस मंदिर में रविवार की शाम हमले की कोशिश की गई। मुंबई से आए एक युवक ने मंदिर में जबरन घुसने का प्रयास किया। सुरक्षा में तैनात पीएसी के जवानों को शक हुआ तो उसे रोका। युवक ने गमछे में धारदार हथियार लपेटकर रखा था। उसने हथियार निकालकर जवानों पर हमला कर दिया।

इस हमले में पीएसी के 2 जवान घायल हुए हैं। दोनों जवानों के पैर में गंभीर चोटें आईं जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले के बाद मंदिर के कर्मचारियों और भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीटा।उधर, बड़ी आतंकी साजिश की आशंका को देखते हुए ATS ने जांच शुरू कर दी है।

आरोपी गोरखपुर का रहने वाला है। उसका नाम अहमद मुर्तजा अब्बासी है। वह केमिकल इंजीनियर है। हमले के पीछे अहमद की मंशा क्या थी? इसका पता लगाया जा रहा है। शहर के अब्बासी नर्सिंग होम में पुलिस आरोपी के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।

एटीएस ने शुरू की जांच, खंगाल रही विदेशी कनेक्शन
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि देर रात ATS ने जांच की कमान संभाल ली है। ATS और पुलिस टीम हमलावर अहमद मुर्तजा अब्बासी के घर पहुंची और उसके पिता और अन्य परिवार वालों से पूछताछ शुरू की। ATS उसका विदेशी कनेक्शन भी तलाश रही है। वह पता कर रही है कि आरोपी के पास पासपोर्ट था या नहीं। कभी वह विदेश गया था या ​नहीं। साथ ही उसके मोबाइल और लैपटाप के IP एड्रेस से विदेशी लोगों से बातचीत या फंडिग आदि की जांच कर रही है।

आतंकी कनेक्शन या दंगे की साजिश तो नहीं
ATS जांच कर रही है कि कहीं इसमें आतंकी कनेक्शन तो नहीं है। 20 साल पहले गोलघर में सीरियल ब्लास्ट हो चुका है, जिसमें आतंकी संगठनों का नाम आया था। गोरखपुर और गोरखनाथ मंदिर सीएम का क्षेत्र होने के नाते हमेशा निशाने पर रहता है। सीएम अक्सर मजबूत कानून व्यवस्था और एक भी दंगा न होने का जिक्र करते रहते हैं, इसलिए आतंकियों का प्लान राज्य के लॉ एंड ऑर्डर को बिगाड़ने का है। बता दें कि योगी के शपथ ग्रहण के ही दिन गोरखपुर के चौरीचौरा में उपद्रव कराकर दंगा कराने की साजिश भी रची गई थी।

हमले में घायल जवान।

चेकिंग के लिए रोका तो किया हमला
रविवार की शाम को अहमद मुर्तजा 7 बजे गोरखनाथ मंदिर के गेट पर पहुंचा। उसे देखकर सुरक्षा में तैनात पीएसी जवान गोविंद गौड़ और अनिल पासवान को उस पर शक हुआ। जवानों ने उसे चेकिंग के लिए रोक लिया। इस पर उसने अपने पास से धारदार हथियार निकाल कर जवानों पर हमला कर दिया।

जैसे ही जवान अनिल साथी गोविंद को बचाने के लिए आया तो अब्बासी ने उनके हाथ व पेट पर हमला कर दिया। दोनों जवानों पर वार होता देख गेट के अंदर ड्यूटी पर तैनात सिपाही अनुराग राजपूत इंसास राइफल के साथ पहुंचे तो आरोपी भागने लगा। गेट पर मौजूद मंदिर के कर्मचारियों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। बताया जा रहा है वह रविवार की सुबह मुंबई से गोरखपुर आया था। उसके पास से धार​दार हथियार व लैपटॉप भी बरामद हुआ है। घायल जवानों को गोरखनाथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमलावर के पास से इंडिगो एयरलाइंस का टिकट भी​ मिला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हमलावर अहमद मुर्तजा अब्बासी के पास से एक इंडिगो एयरलाइंस की ​फ्लाइट का टिकट भी मिला है। उसने पुलिस को बताया कि वह सिविल लाइंस गोरखपुर में कार्मल स्कूल के बगल में रहता है। उसकी शादी हुई थी। वह अलीगढ़ से पढ़ाई पूरी कराने के बाद मुंबई में केमिकल इंजीनियर की जॉब करता था, लेकिन अक्टूबर 2022 में उसकी नौकरी छूट गई थी।

इसके बाद उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी। इससे अवसाद में रहता था। उसका कहना है कि वह कई रातों से सो नहीं पाया था। परेशान चल रहा था। चाहता था कि कोई उसे गोली मार दे। इस लिए उसने पुलिस वालों पर हमला किया।

हमले में घायल जवान को ले जाते स्वास्थ्यकर्मी।

पुलिस उसकी कहानी की सच्चाई पता कर रही है। डीआईजी जे रविंद्र गौड़ ने कहा कि आरोपी के पिता को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के बाद उसके मकसद के बारे में और उसने ऐसा क्यों किया इसका पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि हमलावर युवक के साथ अन्य लोग भी हो सकते हैं। वे घटना के बाद फरार हो गए होंगे। पुलिस CCTV के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।

हमलावरों के निशाने पर योगी और गोरखनाथ मंदिर

  • 5 फरवरी 2022 को सोशल मीडिया पर लेडी डॉन नाम से गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी आई थी। सीएम योगी पर भी हमला करने की बात कही गई थी। पुलिस ने गोरखपुर में केस दर्ज किया था।
  • 8 नवंबर 2021 को भी पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी आई थी।
  • एक अप्रैल 2020 को भी सीएम योगी को जान से मारने की धमकी मिली थी। यूपी पुलिस कंट्रोल रूम के वॉट्सऐप पर एक शख्स ने चैलेंज किया था कि चार दिन में जो कर सकते हो कर लो, योगी को मई 2020 में बम से उड़ा देंगे। इस मामले में लखनऊ के गोमती नगर में केस दर्ज है।