शहीद पति के नक्शे कदम पर यूक्रेन की पूर्व सांसद: कीव में मिसाइल से रूसी टैंक उड़ा रहीं तेत्याना; 2013 में हिला चुकी पुतिन समर्थक राष्ट्रपति की कुर्सी

शहीद पति के नक्शे कदम पर यूक्रेन की पूर्व सांसद: कीव में मिसाइल से रूसी टैंक उड़ा रहीं तेत्याना; 2013 में हिला चुकी पुतिन समर्थक राष्ट्रपति की कुर्सी

रूस के सामने सैन्य ताकत में मामूली हैसियत रखने वाला यूक्रेन 27 दिन बाद भी जंग के मैदान में मजबूती से डटा हुआ है। एक्सपर्ट्स इसके लिए रूसी सेना के खिलाफ लड़ रही यूक्रेनी जनता के बुलंद हौसलों को कारण मानते हैं। ऐसे ही बुलंद हौसले वाली तेत्याना चोर्नोवोल भी हैं, जो यूक्रेनी राजधानी कीव पर कब्जे को लेकर चल रही भीषण लड़ाई में रूसी सेना के लिए सिरदर्द बनी हुई हैं।

लेफ्टिनेंट तेत्याना यूक्रेनी संसद की पूर्व मेंबर यानी सांसद हैं, लेकिन इस समय वे अजोव बटालियन के लड़ाकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर रोजाना फ्रंटलाइन ट्रेंचेज में एंटी-टैंक मिसाइल यूनिट संभालती हैं। साथ ही अपनी मिसाइलों से रोजाना रूस के कई टैंक ध्वस्त कर रही हैं।

2013 में खोले थे पूर्व राष्ट्रपति यानुकोविच के घोटाले
सांसद रहने के अलावा पेशे से इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट भी रह चुकी तेत्याना को यूक्रेन ही नहीं रूस की जनता भी जानती है। दरअसल उन्होंने साल 2013 में तब हंगामा मचा दिया था, जब रूस समर्थक यूक्रेनी राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच के घोटाले इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के तौर पर दुनिया के सामने खोल दिए थे।

कीव में मोर्चे पर जाने के लिए अपनी एंटी टैंक मिसाइल के साथ तैयार तेत्याना।

तेत्याना को यानुकोविच के खिलाफ आवाज उठाने का बहुत बुरा खामियाजा भुगतना पड़ा था। उनके ऊपर दिसंबर, 2013 में क्रिसमस से ठीक एक दिन पहले बेहद घातक जानलेवा हमला हुआ था। यह हमला किराये के गुंडों ने किया था। तेत्याना को इतनी बुरी तरह मारा गया था कि वे लगभग मर ही गई थीं।

पूर्व राष्ट्रपति के घोटाले खोलने पर तेत्याना पर जानलेवा हमला किया गया था। उन्हें बेहद बुरी तरह से पीटा गया था।

पूर्व राष्ट्रपति के घोटाले खोलने पर तेत्याना पर जानलेवा हमला किया गया था। उन्हें बेहद बुरी तरह से पीटा गया था।

हालांकि बाद में उनकी जान बच गई। यह हमला कराने का आरोप यानुकोविच पर ही लगा था। इस आरोप की पुष्टि उस समय हो गई थी, जब तेत्याना पर हमला करने वालों को रूस ने अपने यहां राजनीतिक शरण दे दी थी। तेत्याना पर इस हमले की पूरी दुनिया में आलोचना की गई थी।

पति भी थे अजोव बटालियन में वालंटियर, एंटी-टैरर ऑपरेशन में हुई थी मौत
तेत्याना के पति माएकोला बेरेजोवई अजोव बटालियन के एक्टिव वॉलंटियर थे। माएकोला 8 अगस्त 2014 को पूर्वी यूक्रेन में चलाए जा रहे एंटी-टेरर ऑपरेशन में गोलियों का शिकार होकर शहीद हो गए थे। उस समय भी तेत्याना ने जंगी मैदान में मोर्चा संभाला था और अजोव बटालियन के ऑपरेशंस में एक्टिव पार्टिशिपेशन कर सभी को चौंका दिया था। तेत्याना ने इसे अपने पति को श्रद्धांजलि देने का तरीका बताया था।​​​​​​​

अपने पति माएकोला के साथ तेत्याना।

अपने पति माएकोला के साथ तेत्याना।

यूरोमेडन कैंपेन में हत्या की साजिश का बनाया गया था आरोपी
दो साल पहले तेत्याना को यूक्रेन के मशहूर एंटी-करप्शन मूमेंट यूरोमेडन कैंपेन के दौरान सरकारी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने का आरोपी बनाया गया था। तेत्याना ने यूरोमेडन में अहम भूमिका निभाई थी। यह आंदोलन कीव के मेडन नेजलेझोंस्ती (इंडिपेंडेस स्क्वॉयर) पर 21 नवंबर 2013 को करप्शन के खिलाफ बड़े पैमाने पर भीड़ जुटने से शुरू हुआ था, जिसे मेडन अपस्प्रिंग के नाम से भी जाना जाता है।

यूरोमेडन रिवॉल्यूशन के दौरान जनता ने बड़े पैमाने पर यूक्रेन में हिंसा की थी।

यह कैंपेन फरवरी 2014 में मेडन रिवॉल्यूशन (रिवॉल्यूशन ऑफ डिग्निटी) की शुरुआत तक चला था। इस रिवॉल्यूशन में 18 से 23 फरवरी तक जनता ने कीव की सरकारी बिल्डिंग्स पर हमला बोलकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया था। इस दौरान सेना की तरफ से फायरिंग में बहुत सारे लोग मारे गए थे। यह रिवॉल्यूशन तत्कालीन राष्ट्रपति यानुकोविच के पद से इस्तीफा देने के साथ ही खत्म हो गया था। तेत्याना पर भीड़ को भड़काकर सरकारी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है।