गरीबों के लिए रोटी, कपड़ा और मकान का वादा पूरा कर रही है मोदी सरकार

गरीबों के लिए रोटी, कपड़ा और मकान का वादा पूरा कर रही है मोदी सरकार
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और भाजपा सरकार की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासन में 3.26 करोड़ मकान बने जबकि भाजपा ने आठ सालों में 2.50 करोड़ से अधिक मकान बनाए हैं।

भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि गरीबों के लिए 'रोटी, कपड़ा और मकान' उपलब्ध कराने की बात तो सभी पूर्ववर्ती सरकारों ने की, लेकिन इसे पूरा करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली आज की केंद्र सरकार कर रही है। शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के शासन के 60 साल और भाजपा सरकार के आठ साल की तुलना करते हुए कहा कि 60 साल में केवल 3.26 करोड़ घर बने जबकि भाजपा के आठ वर्षो में 2.50 करोड़ से अधिक घर बनाने का काम किया गया।

वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'देश के हर गरीब को पक्का मकान देने के संकल्प में हमने एक अहम पड़ाव तय कर लिया है। जन-जन की भागीदारी से ही तीन करोड़ से ज्यादा घरों का निर्माण संभव हो पाया है। मूलभूत सुविधाओं से युक्त ये घर आज महिला सशक्तीकरण का प्रतीक बन चुके हैं।'

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बताया कि मोदी सरकार में शहरी गरीबों के लिए 58 लाख से अधिक पक्के मकान बनाया गया। पार्टी प्रवक्ता केके शर्मा के साथ पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रति वर्ष केवल 11 लाख मकान बनाए जबकि भाजपा सरकार ने हर साल 35 लाख से अधिक मकान बनाए। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने गरीबों के लिए 4.03 करोड़ मकान बनाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन राज्यों के फीडबैक के बाद यह लक्ष्य 2.95 करोड़ कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने प्रति माह 94 हजार घर बनाए और इसकी तुलना में भाजपा सरकार ने प्रति माह 2.62 लाख से अधिक घर बनाए। सिंह ने कहा, 'रोटी, कपड़ा और घर की चर्चा तो सभी सरकारों ने की, लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण योजना लाकर रोटी की व्यवस्था की और हम आवास योजना के माध्यम से घर-कपड़े और महिला सशक्तिकरण की व्यवस्था कर रहे हैं।'